बिहारीगढ़ में गुरु रविदास जयंती पर भव्य रात्रि जागरण, भक्ति के रंग में डूबे श्रद्धालु
बिहारीगढ़/समाचार
संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में कस्बे के रविदास मंदिर में रविवार की रात एक भव्य जागरण का आयोजन किया गया। भक्ति भाव से सराबोर इस कार्यक्रम में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा, जिन्होंने भजन-कीर्तन के माध्यम से गुरु महाराज के चरणों में अपनी वंदना अर्पित की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सरदार गुरदयाल सिंह एवं उनके पुत्र कुलदीप सिंह राठौड़ ने शिरकत की। मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथियों का फूल-मालाएं पहनाकर और गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। सरदार गुरदयाल सिंह ने गुरु रविदास जी के विचारों को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
जागरण का शुभारंभ विधि-विधान के साथ पूजन कर किया गया। इसके बाद भजन मंडलियों ने एक से बढ़कर एक भक्तिमय प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। देर रात तक चले इस जागरण में श्रद्धालु गुरु की महिमा का गुणगान करते हुए भक्ति में लीन नजर आए। पूरा परिसर 'गुरु रविदास महाराज की जय' के उद्घोष से गुंजायमान रहा।
इस पावन अवसर पर मुख्य रूप से पूर्व प्रधान त्रिलोकचंद राठौड़, पूर्व जिला पंचायत सदस्य बाबूराम राठौड़, प्रमाल राठौड़, सरदार रामसिंह, डॉ. रणधीर सिंह, जयमल सिंह, मैनपाल सिंह, सोनू धीमान, सुरेंद्र धीमान, बहादुर सिंह एवं सरदार रणधीर सिंह सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति और सहयोगी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति ने सभी आगंतुकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

Comments
Post a Comment